August 4, 2026

कभी नहीं होगी मोहम्मद शमी की वापसी? अगरकर का फैसला बना वजह

0
shami
शेयर करें

मोहम्मद शमी को सीधा संदेश जा चुका है कि अब उनकी टीम इंडिया में शायद ही कभी वापसी हो. चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने अप्रत्यक्ष रूप से बता दिया है कि अब शमी का टीम इंडिया में आने का कोई चांस नहीं है. दरअसल भारत और श्रीलंका की 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू हो रही है. चोट के चलते जसप्रीत बुमराह टीम से बाहर हो चुके हैं. बुमराह के माध्यम से शमी को संदेश जा चुका है कि अब शमी का इंटरनेशनल करियर खत्म हो चुका है.

जसप्रीत बुमराह को लेकर पहले अपडेट आया था कि उन्हें BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से खेलने की अनुमति मिल गई है. मगर बाद में पता चला कि बुमराह को अब भी घुटने में दर्द और खिंचाव की समस्या है. इस कारण उन्हें श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया. उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय स्क्वाड में शामिल किया गया है.

बेशक आकिब नबी टैलेंटेड हैं और रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में 10 मैचों में 60 विकेट लेकर आ रहे हैं. वे यह मौका डिजर्व करते हैं. मगर मोहम्मद शमी लंबे अरसे से टीम इंडिया में वापसी की बाट देख रहे हैं. बुमराह चोटिल हुए तो उनकी जगह किसी अनुभवी गेंदबाज को लाया जाता तो वह लाइक टू लाइक रिप्लेसमेंट गिना जाता. शमी के पास अनुभव है, फॉर्म में भी हैं, बुमराह के लाइक टू लाइक रिप्लेसमेंट भी होते. इन सब पहलुओं को नजरअंदाज कर चयनकर्ताओं ने शमी को मौका नहीं दिया है.

दरअसल जब चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर से पूछा गया कि मोहम्मद शमी की वापसी को लेकर उनका क्या कहना है. अगरकर का कहना था कि शमी टेस्ट फॉर्मेट में खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं. मगर उस बयान के बाद शमी का प्रदर्शन और भी निखर कर सामने आया. पिछले रणजी सीजन में उन्होंने 7 मैचों में 37 विकेट लिए. सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में भी उन्होंने खूब कहर बरपाया और 7 मुकाबलों में 16 विकेट चटकाए.

शमी ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी अपनी बेहतरीन लय को जारी रखा था. इस लिस्ट-ए टूर्नामेंट में उन्होंने 7 मैच खेलकर 15 विकेट लिए थे. जो खिलाड़ी डोमेस्टिक क्रिकेट में 68 विकेट ले रहा हो, वह अनफिट तो करार नहीं दिया जा सकता. हालांकि आकिब नबी को रणजी ट्रॉफी 2025-26 में कुल 60 विकेट चटकाने के तोहफे के रूप में टीम इंडिया में जगह मिली है. दूसरी ओर इससे शमी की स्थिति जरूर कुछ हद तक स्पष्ट हो गई है.

मोहम्मद शमी ने अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 2023 में खेला था, जिसके बाद उन्हें लगातार ड्रॉप किया गया है. यह वही साल था जब अजीत अगरकर टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर चुने गए थे. शमी का अगला टूर्नामेंट दिलीप ट्रॉफी है, जहां वो ईस्ट जोन टीम के लिए खेलेंगे. इस टीम की कप्तानी ईशान किशन कर रहे होंगे.


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *